गुरदासपुर। थाना बहरामपुर की पुलिस ने 500 ग्राम हेरोइन और बोलेरो गाड़ी सहित 4 तस्करों को काबू किया है। एसएसपी डॉ. राजिंदर सिंह सोहल ने बताया कि एएसआई जोगिंदर सिंह ने बहरामपुर इलाके में आने वाले गांव डाला के बाहर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान गुरदासपुर साइड से एक बोलेरो गाड़ी को रोका। गाड़ी को गुरप्रीत सिंह पुत्र केवल सिंह निवासी घोलू माजरा, मोहाली चला रहा था। जबकि आशीष कुमार, निवासी बडेसरा थाना भिवानी, जोगिंदर सिंह पुत्र राम पोत निवासी बड़दनुई, भिवानी तथा संदीप सिंह, निवासी जैन चौक भिवानी पीछे बैठे हुए थे। संदेह होने पर एएसआई ने डीएसपी महेश सैनी को इसकी सूचना दी। जिसके कुछ ही समय के बाद जब डीएसपी सैनी पहुंचे और गाड़ी से सभी को उतारकर तलाशी लेने लगे तो ड्राइवर के पास बैठे व्यक्ति ने काले रंग के बैग को छिपाना शुरू कर दिया। तलाशी लेने पर पुलिस को बैग से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसएसपी सोहल ने आशंका जताई है कि आरोपी बड़े स्तर पर हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। पूछताछ के दौरान बताया कि यह हेरोइन हरियाणा से किसी व्यक्ति से लाकर बहरामपुर के आसपास बेची जानी थी। एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।