तरनतारन के गांव कोट सिवियां में दूध का कारोबार करते गुज्जर परिवार पर कुछ लोगों ने गोलियां चलाई। इसके चलते दो लोग घायल हो गए। गांव कोट सिवियां निवासी रोशनदीप ने बताया कि वह अपने भाई मक्खन अली के साथ घर में मौजूद था। इस दौरान कुलदीप सिंह, लवप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह, गुरभेज सिंह मिट्ठू निवासी सराय अमानत खां व आठ अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर आए। आरोपितों ने आते ही गोलियां चलाना शुरू कर दीं। इससे रोशनदीप और मक्खन अली के साढू बाऊदीन घायल हो गए। आरोपी कुलदीप सिंह के घर में उसका भाई मक्खन अली दूध देता था। पैसे मांगने पर उसने दूध में पानी मिलाने का आरोप लगाया। इसके चलते कुलदीप सिंह ने साथियों से मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। डीएसपी सुच्चा सिंह बल्ल ने बताया कि थाना सराय अमानत खां में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।