सिख स्टडी संस्था चंडीगढ़ के मुखिया जसपाल सिंह सिद्धू की अगवाई में पांच सिख विद्वानों का एक शिष्टमंडल श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से मिला। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में जसपाल सिद्धू ने बताया कि उन्होंने जत्थेदार से आग्रह किया है कि श्री अकाल तख्त द्वारा लागू सर्व पंथ प्रमाणित मर्यादा सभी गुरुद्वारा साहिब में लागू की जानी चाहिए। कई गुरुद्वारा साहिब में दलितों को गुरु मर्यादाओं के अनुसार अमृत नहीं छकाया जाता। उन पर केवल अमृत का छिड़काव कर दिया जाता है। प्रोफेसर मंजीत सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले निहंग संगठनों के बारे में श्री अकाल तख्त साहिब से शिकायत की गई थी। शिष्टमंडल ने सिख धर्म के भीतर जातपात की गहरी हो रही खाई के बारे में जत्थेदार के साथ चर्चा की। विद्वानों का मत था कि जो भी संस्थाएं जातपात को बढ़ावा दे रही हैं, वह सिख सिद्धांतों के विरुद्ध काम कर रही हैं। इस विषय पर जल्द ही एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। जत्थेदार ने विश्वास दिलाया कि वह जल्द ही चंडीगढ़ में निहंग संगठनों के साथ एक बैठक करेंगें।