तरनतारन। जिले में नशा तस्करी के दो आरोपियों की तीन करोड़ 10 लाख 50 हजार रुपये की जायदाद अटैच की गई है। यह जानकारी एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले ने दी। निंबाले ने बताया कि गांव ढोटियां निवासी तस्कर गुरपाल सिंह उर्फ पाली की एक कोठी और दो प्लॉट सीज किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत दो करोड़ 43 लाख 90 हजार रुपये बनती है। गुरपाल सिंह से 2014 में 206 ग्राम हेरोइन व 150 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया गया था। जहरीली शराब से जिले में हुई 100 से अधिक मौतों के मामले में भी गुरपाल सिंह उर्फ पाली को धारा-302 के तहत गिरफ्तार किया गया है। उसका भाई रशपाल सिंह उर्फ शाली फरार है। इसी तरह थाना चोहला साहिब के गांव धुन्न ढाए वाला निवासी रछपाल सिंह उर्फ रोशी की एक कोठी को सी किया गया है, जिसकी कीमत 66 लाख 66 हजार रुपये बनती है। आरोपी से सितंबर में 750 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।