फगवाड़ा सिटी पुलिस ने एक महिला पर धोखा देकर शादी करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। महिला पर उसके चौथे पति ने आरोप लगाया है कि उसने तीन शादियों के बारे में धोखे में रखकर बिना तलाक के उससे शादी की। उसने बताया कि महिला ने दो अलग-अलग राशन कार्ड अपने पहले पति और उसके नाम पर बनवाए। साथ ही पासपोर्ट पर बिना उसके पूछे उसका नाम लिखवाया।
पुलिस को दी जानकारी में मोहन लाल वासी जालंधर ने बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई। उसके बच्चे शादीशुदा है। उसने दूसरी शादी के लिए अखबार में विज्ञापन दिया। इसके बाद सत्या देवी वासी नंगल खेड़ा और उसके भाई भाभी ने संपर्क किया कि उसके पहली शादी से दो बेटे हैं और उसका तलाक हो गया है।
वह मस्कट में काम कर रहा था। बातचीत होने के बाद उसको वहां से बुला लिया गया। बाद में उसको पता चला कि सत्या की तीन शादियां हो चुकी थीं, जिसमें से दो में तलाक नहीं हुआ था वहीं एक में पंचायती तलाक हुआ था। जनवरी 2012 में फगवाड़ा तहसील में बिना किसी अधिकारी के पेश हुए शादी कर ली।
मोहन लाल के मुताबिक वह बार-बार शादी रजिस्टर्ड करवाने की बात करता रहा लेकिन उसकी किसी ने नहीं सुनी। उसने आरोप लगाया कि उसको तंग परेशान कर उसकी गैरहाजिरी में घर के ताले तोड़ कर उस पर भी कब्जा कर लिया। पुलिस ने जांच के बाद सत्या देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।