गांव तुड़ के शिअद से संबंधित पूर्व सरपंच जोगिंदर सिंह के अपने लड़कों के साथ मिलकर नाबालिग का अपहरण कर घर ले जाने और मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाने के मामले को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने गंभीरता से लिया है।
तरनतारन के एसएसपी मनमोहन कुमार शर्मा को 15 अप्रैल को आयोग के दिल्ली स्थित कार्यालय में तलब करते हुए दर्ज की एफआईआर में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और एससीएसटी धारा लागू करने का आदेश दिया गया है।
विधान सभा क्षेत्र खडूर साहिब के गांव तुड़ के पूर्व शिअद सरपंच जोगिंदर सिंह ने अपने बेटों बब्बो, भिंदा और लड़कियों ज्योति, संदीप कौर, पत्नी निंदर कौर और छह अन्य की मदद से नाबालिग का हथियार दिखाकर अपहरण कर लिया था।
उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया था। इस बाबत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राज कुमार वेरका ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मोबाइल पर बातचीत कर सारी जानकारी ली।
मामले संबंधी डॉ. वेरका ने दर्ज एफआईआर में एससीएसटी एक्ट की धारा में वृद्धि करने, नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और लड़की की बनाई वीडियो बरामद करने के आदेश देते हुए एसएसपी मनमोहन कुमार शर्मा को 15 अप्रैल को आयोग के दिल्ली स्थित कार्यालय में तलब किया है।
डॉ. राज कुमार वेरका ने थाना श्री गोइंदवाल साहिब के प्रभारी द्वारा पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की बजाय मानसिक तौर पर परेशान करने और पुलिस प्रशासन को फटकार लगाते हुए पीड़ित लड़की का सरकारी अस्पताल से तुरंत मेडिकल करवाने के आदेश भी दिए हैं।