पंजाब पुलिस से रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह रंधावा ने वीरवार को अपने घर पर ही माथे पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुखविंदर सिंह रंधावा ने आत्महत्या क्यों की फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया। मगर बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तौर पर परेशान चल रहे थे। इसी के चलते उन्होंने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह रंधावा वीरवार सुबह 12 बजे अपने घर पर ही मौजूद थे। इस दौरान वह अपने कमरे में बैठे हुए थे जबकि परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई। रंधावा के परिवार के सदस्य तुरंत भागकर कमरे में गए और देखा कि उन्होंने अपनी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली थी। इसके तहत मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, बताया जा रहा है कि रंधावा के खिलाफ कुछ केसों में सीबीआई जांच चल रही थी। इसी को लेकर वह मानसिक तनाव झेल रहे थे। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
सुखविंदर रंधावा थाना सिविल लाइन, सीआईए स्टाफ, स्पेशल टास्क फोर्स सहित विभिन्न स्थानों में बटर मुखी तैनात रहे हैं। इसके अलावा आतंकवाद के समय भी अच्छा काम करने के बदले उन्हें कई बार सम्मान मिल चुका है। रंधावा के दो बेटे हैं, उनमें से एक बेटा अमनदीप सिंह भी पुलिस में इंस्पेक्टर पद पर है।