खुफिया इनपुट पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े एक बड़े हथियार एवं नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से छह अत्याधुनिक पिस्टल, पांच .30 बोर और एक ग्लॉक 9एमएम के साथ 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया और ड्रोन के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। इसी माध्यम से वे पंजाब में अवैध हथियारों और नशे की सप्लाई और डिलीवरी का समन्वय कर रहे थे। आरोपियों की पहचान आकाश मसीह, प्रिंस, सुखविंदर सिंह, करनवीर सिंह उर्फ करन और गुरपेज सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना छेहर्ता और थाना कैंटोनमेंट में एफआईआर दर्ज कर ली है। नेटवर्क के अन्य हैंडलरों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस का कहना है कि वह सीमा पार से होने वाली तस्करी पर सख्ती से नकेल कसने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।