फतेहगढ़ साहिब में पुलिस-लुटेरे में मुठभेड़, आरोपी शिवा घायल
फतेहगढ़ साहिब के जीसीएल क्लब के बैकसाइड पर सोमवार को पुलिस और कुख्यात लुटेरे शिवा के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान मंडी गोबिंदगढ़ के कच्चा दिलीप नगर निवासी आरोपी शिवा ने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसकी टांग में गोली मारकर काबू कर लिया। इस फायरिंग में पंजाब होमगार्ड का एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपी और पुलिसकर्मी का इलाज जारी
घायल आरोपी शिवा और होमगार्ड पुलिसकर्मी को सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। एसएसपी शुभम अग्रवाल ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुठभेड़ के बाद की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी शिवा पहले भी लूटपाट और डकैती जैसे मामलों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ आठ से नौ मामले दर्ज हैं।
अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए की थी पुलिस कार्रवाई
एसएसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को एक अवैध हथियार छिपाने की जानकारी दी, जो उसने एक सुनसान प्लॉट में दबा रखा था। पुलिस उसे हथियार की बरामदगी के लिए उसी स्थान पर लेकर गई थी लेकिन जैसे ही पुलिस वहां पहुंची, आरोपी ने छिपाया हुआ हथियार निकालकर पुलिस पर गोली चला दी।
सख्त संदेश: कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं सहेंगे
एसएसपी शुभम अग्रवाल ने कहा कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है और उसके खिलाफ अवैध हथियारों की बरामदगी की कार्रवाई जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।