पठानकोट के सिविल अस्पताल में दाखिल मृतक नीशु के दोस्त संजय से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : amarujala
अधिक नशा करने से जान गंवाने वाले जम्मू कश्मीर के कठुआ निवासी युवक नीशु ने हेरोइन और उसके दो साथियों ने चरस का सेवन किया था। यह नशीले पदार्थ युवकों ने पठानकोट के डमटाल से खरीदे थे। यह खुलासा एक युवक होश में आने के बाद ने शनिवार को किया।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर शाम कठुआ निवासी नीशू, संजय व मक्खन की गुरू राज रेस्ट हाउस में नशा करने से हालत बिगड़ गई थी। अधिक नशा करने के चलते नीशू की मौत हो गई थी। पुलिस ने संजय व मक्खन को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया था।
शनिवार को हालत थोड़ी सामान्य होने पर संजय ने घटना की सारी जानकारी पुलिस से सांझा की। संजय ने बताया कि वह तीनों हिमाचल से आ रहे थे और डमटाल में हेरोईन खरीदी थी। रास्ते से नीशू ने हेरोइन का सेवन शुरू कर दिया था। गुरूराज रेस्ट हाउस में कमरा लेने के बाद नीशू ने फिर से दो बार हेरोइन का सेवन किया था।
संजय ने बताया उसने व मक्खन ने चरस की सिगरेट पी थी। नशा करने के बाद वह तीनों बेसुध हालत में पहुंच गए। संजय के पुलिस को बताया कि आमतौर पर वह कठुआ से ही नशा खरीदते हैं। जब कभी कठुआ से नशा न मिलने पर वह डमटाल आते हैं।
एसएसपी राकेश कौशल ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जांच के बाद ही मामला दर्ज कर बनती कार्रवाई की जाएगी। डमटाल से नशा खरीदे जाने की बात पर एसएसपी ने कहा कि पठानकोट पुलिस हिमाचल पुलिस के साथ मिलकर सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करों को नकेल डालने के लिए अभियान चलाएगी।