पठानकोट में पुलिस की हिरासत में आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने ब्लैकमेल करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि चार अन्य फरार हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य धमकाकर पैसों की मांग करते हैं। शुक्रवार को डीएसपी (डी) जगजीत सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ पठानकोट की टीम के साथ उन्होंने गिरोह के पांच सदस्याें के खिलाफ विभिन्न धाराआें के तहत मामला दर्ज किया है। पवन नगर, अमृतसर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है जबकि चार सदस्य फरार हैं।
उन्होंने बताया कि बीते कुछ दिन पहले रेलवे रोड स्थित सैनी फास्ट फूड दुकान के मालिक तुषार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी दुकान पर बीते बुधवार शाम उक्त आरोपी अपनी एक महिला साथी के संग पहुंचा और दुकान में बने कैबिन में बैठे युवक-युवती की फोटो खींचने लगा और वीडियो बनाना लगा। दुकान मालिक ने जब इसका विरोध जताया तो दोनों ने दस हजार की मांग की।
दुकानदार की शिकायत पर पुलिस की योजना के अनुसार उक्त गिरोह को पैसे लेने के लिए बुलाया गया। जैसे ही दुकान पर आरोपी पैसे लेने पहुंचा तो उसे मौके पर ही तीन हजार रुपये लेते दबोच लिया गया। गिरोह के बाकी सदस्यों की धर पकड़ के लिए जांच जारी है।