अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के दो गुर्गों को हथियारों और नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चार विदेशी पिस्तौल, चार मैगजीन, आधा किलो हेरोइन और 24 लाख की ड्रग मनी बरामद हुई है। आरोपियों की पहचान मेहता निवासी बलविंदर सिंह उर्फ बंटी और बख्शीश सिंह के रूप में हुई है।
एसएसपी सोहेल मलिक ने बताया कि गिरोह के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बंटी और बख्शीश सिंह हथियार और नशे की खेप इलाके में किसी गैंगस्टर को सप्लाई करने वाले हैं। इसी आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों से चार विदेशी पिस्तौल, चार मैगजीन, आधा किलो हेरोइन और 24 लाख की ड्रग मनी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उनके गैंगस्टर डोनी बल के साथ लिंक हैं। डोनी बल के इशारे पर वे रंगदारी मांगने व फायरिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोपी सोशल मीडिया के जरिये डोनी बल से संपर्क करते थे। उसी के इशारे पर माझा क्षेत्र में हथियार और नशे की खेप सप्लाई करते थे।
पुलिस ने हेरोइन व तीन लाख ड्रगमनी के साथ दो आरोपी पकड़े
फिरोजपुर में थाना लक्खोके बहराम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27 ग्राम हेरोइन और तीन लाख दस हजार रुपये की ड्रगमनी बरामद की है। पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाइक पर सवार होकर जलालाबाद से फिरोजपुर आ रहे हैं और हेरोइन बेचने का धंधा करते हैं। इसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नीरज चावला (वार्ड नंबर-4, जलालाबाद) और अर्शदीप (चक बुधोके, जलालाबाद) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।