कस्बा हरियाना के करीबी गांव डल्लेवाल के पास एक मर्सिडीज बस की चपेट में आने से स्कूटर सवार पूर्व फौजी की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस को भगाकर ले गया।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि बस मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की ट्रांसपोर्ट कंपनी की है। बादल की बस की चपेट में आकर फौजी की मौत सुनकर कांग्रेसी भड़क गए और कांग्रेस विधायक सुंदर शाम अरोड़ा के नेतृत्व में बादल के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच पुलिस ने बस को मुकेरियां के पास से पकड़ा और उसे हरियाना थाने लाया गया।
पुलिस को दी गई शिकायत में मीत लाल निवासी हुसैनपुर गुरु का ने बताया कि शुुक्रवार शाम करीब सात बजे उसका भाई सुरिंदर सिंह स्कूटर पर गांव धूतकलां से अपने गांव वापस जा रहा था, जबकि वह उसके पीछे-पीछे आ रहा था। डल्लेवाल के पास एक मर्सिडीज बस ने उसके भाई के स्कूटर को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस भगा ले गया।
वहीं विधायक सुंदर शाम अरोड़ा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की बस से एक्सीडेंट होने के बाद पुलिस ने आरोपी बस चालक को बचाने का प्रयास किया। परिवार पर कार्रवाई न करवाने का दबाव बनाया जा रहा है। बस को भगा दिया गया। बादल की बदनामी न हो, इसलिए उसे मुकेरियां थाना में रखा गया। वहीं मामले के जांच अधिकारी एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर बस चालक रविंदर सिंह निवासी जसलां, बनूड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी के मुताबिक बस को बाद में मुकेरियां के करीब से काबू करके थाना हरियाना लाया गया। मामले के आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।