इटली भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी
नामजद तीनों एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। इटली भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मामले में नामजद तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस संबंध में थाना सिटी के एएसआई जर्मनजीत सिंह ने बताया कि रमेश कुमार निवासी डोला नंगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने इटली जाना था। इटली जाने को लेकर उसकी मुलाकात सुरिंदर कुमार निवासी फगवाड़ा हाल निवासी इटली, दीपू और अनूप सिंह निवासी रमाना डेरा धुपसड़ी करनाल के साथ हुई। इन लोगों ने उससे इटली भेजने के लिए 10 लाख रुपये मांगे, जो उसने दे दिए। इसके बाद इन लोगों ने उसे जाली वीजा की कापी थमा दी। अब यह लोग उसके पैसे वापस नहीं कर रहे हैं। शिकायतकर्ता के आरोपों की जांच बटाला के एसपी ने की। आरोप ठीक पाए जाने के बाद एसएसपी के आदेशों पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।