दहेज की मांग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज
गुरदासपुर। थाना घुम्मन कलां की पुलिस ने दहेज मांगने के खिलाफ चार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि मनदीप कौर पुत्री हरदेव सिंह निवासी चक्क भंगवा की शिकायत पर जांच के बाद यह मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने 12 नवंबर 2018 को डीएसपी कलानौर को शिकायत दी थी। इसमें उसने बताया कि उसकी शादी मनप्रीत सिंह पुत्र लखबीर सिंह निवासी सुचेतगढ़ के साथ 6 जुलाई 2015 को हुई थी। शादी के बाद उसका पति मनप्रीत सिंह, ससुर लखबीर सिंह, सास गुरमेज कौर और देवर दुगराज सिंह दहेज में कार की मांग करते थे। दहेज की मांग को लेकर वह उसे निरंतर परेशान करते रहते। उन्होंने उसका माता-पिता की ओर से दिया गया स्त्री धन भी खत्म कर दिया। इस संबंधी उक्त चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।