तीन दिन में दूसरी बार हाईवे पर बंधक बना ट्रक लूटा
-लूटेरों ने 11 फरवरी को ट्रक को लूटने की वारदात को अंजाम दिया था
-पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
लुटेरों ने हाईवे पर तीन दिन में दूसरी बार चालक को बंधक बना कर ट्रक लूट लिया। वहीं बटाला पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रक चालक रंजीत सिंह वासी गांव रूड़ेआसल जिला तरनतारन ने बताया कि वह तरनतारन में एक हॉटमिक्स प्लांट के ट्रक पर बतौर ड्राइवर काम करता है। वह पठानकोट से क्रशर लाद कर तरनतारन प्लांट में लेकर आता है। 13 फरवरी की रात करीब 7 बजे वह ट्रक पठानकोट से क्रशर लाद कर तरनतारन जा रहा था। रात करीब 12 बजे रास्ते में धारीवाल के निकट एक ढाबे पर वह खाना खा कर सो गया। 14 फरवरी सुबह करीब सवा तीन बजे वह तरनतारन जाने के लिए धारीवाल से निकला। बटाला के पहुंचने पर वह यह सोच कर शहर में दाखिल हो गया, कि अंधेरे में बाईपास पर होने वाली लूट की वारदातों से बचने के लिए शहर से निकला बेहतर रहेगा, लेकिन जैसे ही वह गांधी कैंप के निकट रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा तो पीछे से आए एक ट्रक ने उसे ओवर टेक करके रोक लिया। ट्रक में से तीन युवक निकल कर आए और उसके ट्रक में चढ़ गए। लुटेरों ने ट्रक में दाखिल हो कर उस पर दातर से वार कर दिए, जो उसके सिर और बाजू पर लगे। लुटेरे उसके ट्रक को जालंधर रोड पर सठियाला कालेज के पास ले गए। लुटेरों ने कालेज के सामने अनाज मंडी में उसके ट्रक का क्रशर अनलोड कर दिया और मंडी के एक कमरे में उसके हाथ-पैर बांध दिए और आंखों पर भी पट्टी बांध दी। लुटेरे उसका ट्रक लेकर फरार हो गए। थोड़ी देर बाद वह किसी तरह कमरे से बाहर निकला और मदद के लिए आवाज लगाई। जिस पर दो लोग आए और उन्होंने उसके हाथ-पैर खोल दिए। उसने अपने मालिकों को सूचना दी। पुलिस चौकी सिंबल के इंचार्ज एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले 11 फरवरी की रात भी लुटेरों ने ठीक इसी तरह की वारदात को अंजाम देते हुए कीड़ी गांव से रेत लाद कर जा रहे टिप्पर के चालक को बंधक बना कर टिप्पर लूट लिया था।