तीन हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। विजिलेंस विभाग ने कस्बा अजनाला में कार्यरत एक पटवारी को तीन हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस विभाग के डीएसपी तेजिंदर पाल सिंह ने बताया कि एक शिकायतकर्ता नवदीप सिंह के ताऊ दर्शन सिंह की मौत हो चुकी है। उसका बेटा न्यूजीलैंड में रहता है। ताऊ की जमीन की देखभाल उसका भतीजा नवदीप सिंह ही करता है। नवदीप सिंह की ओर से दर्शन सिंह की जमीन का इंतकाल करवाने के लिए सर्कल कड़ियाल के पटवारी शविंदर सिंह दुसांझ के साथ संपर्क किया। पटवारी ने इस काम के लिए तीन हजार की रिश्वत की मांग की। नवदीप सिंह ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग को कर दी। सोमवार दोपहर जब नवदीप सिंह पटवारी को काम के बदले तीन हजार की रिश्वत दे रहा था तो उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। शविंदर सिंह के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।