1 लाख 85 हजार की ठगी का केस दर्ज
गुरदासपुर। टूरिस्ट गाड़ी लेकर देने का झांसा देकर 1 लाख 85 हजार की ठगी करने वाले आरोपी के विरुद्ध सिटी पुलिस स्टेशन में विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस स्टेशन सिटी के इंचार्ज कुलवंत सिंह मान ने बताया कि निर्मल कौर पुत्री परमजीत सिंह निवासी आईटीआई कालोनी गुरदासपुर ने एसपी मुख्यालय को शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया कि आरोपी जोगिंद्र कौर पत्नी सुरिंद्र सिंह व गुरजीत सिंह पुत्र सुरिंद्र सिंह निवासी आईटीआई कालोनी गुरदासपुर ने उसे टूरिस्ट गाड़ी लेकर देने के लिए 2 लाख 17 हजार रुपये लिए थे लेकिन न तो उसे गाड़ी लेकर दी और न ही पैसे वापस किए गए। पैसे वापस मांगने पर उसे मोटरसाइकिल जिसकी राशि 50 हजार रखकर दे दिया। लेकिन मोटरसाइकिल की आरसी उसके नाम नहीं कराई, जबकि मोटरसाइकिल का पहले ही चालान काटा था। मोटरसाइकिल वापस करने पर आरोपियों ने मात्र उसे 32 हजार रुपये ही वापस किए, जबकि एक लाख 85 हजार वापस नहीं किए। मामले की जांच डीएसपी द्वारा करने उपरांत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।