लिफ्ट लेने के बहाने बंधक बनाया
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगी
तरनतारन।
थाना सिटी तरनतारन पुलिस ने एक व्यक्ति को घर में बंदी बनाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगी करने के आरोप में एक पुरुष और चार महिलाओं पर केस दर्ज किया है।
थाना सिटी के प्रभारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि गांव कलेर निवासी निशान सिंह पुत्र गुरदित्त सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह 18 मार्च को बाइक से गुरुद्वारा टक्कर साहिब के पास आ रहे थे। रास्ते में राजकौर निवासी तरनतारन ने उससे लिफ्ट मांगी। लिफ्ट लेने के बहाने महिला उसे अपने घर ले गई और वहां पर अपने साथियों के साथ उसे बंधक बना लिया। महिला ने उनकी जेब से पांच हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इसके बाद राजवीर कौर ने दातर निकाल लिया और उससे 50 हजार रुपये की मांग की। महिला के घर में उसके पुत्र जोरावर सिंह ने निशान सिंह को धमकाकर उसे निर्वस्त्र कर दिया। उसने कहा कि यदि उसने 50 हजार रुपये नहीं दिए तो वह घर में उपस्थित सिमरनजीत कौर के साथ उसकी वीडियो बनाकर वायरल कर देंगे। इस समय उनके साथ रूबी नाम की महिला भी थी। निशान सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने बदनामी के डर से बचने के लिए उक्त लोगों के झांसे में आते हुए 27 मार्च को 20 हजार रुपये दे दिए। उसके बाद उसने पुलिस को शिकायत कर दी ।
थाना प्रभारी मनजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने निशान सिंह की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला राज कौर, उसके पुत्र जोरावर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसआई विपिन कुमार छापामारी कर रहे हैं ।