संदिग्ध कार पुलिस ने कब्जे में ली
पांच दिन से खड़ी थी, पार्क करने वाले चार युवक सीसीटीवी में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
गुरदासपुर-बटाला रोड स्थित बेकरी के सामने लावारिस एक्सयूवी गाड़ी मिली है। यह गाड़ी करीब पांच दिनों से खड़ी थी। इस संदिग्ध गाड़ी के बारे में सूचना हेड क्वाटर से मिलते ही पुलिस चौकी सिंबल के इंचार्ज अशोक कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे ौर कार को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं बेकरी वालों का कहना है कि यह गाड़ी उनकी दुकान के सामने 20 फरवरी को रात के करीब 10 बजे चार युवक लेकर आए थे। उन्होंने बताया था कि उनकी गाड़ी खराब हो गई है। वह अपनी गाड़ी खड़ी कर जा रहे हैं और सुबह ले जांएगेे। उसके बाद इस गाड़ी को कोई लेने नही आया। गाड़ी पर चंडीगढ़ का नंबर है और रंग काला है। गाड़ी के अंदर एक महिला के जूते, चुनरी, कमीज और सलवार पड़ी है।
पुलिस पार्टी ने गाड़ी खोलने का प्रयास किया। गाड़ी न खुलने पर पुलिस ने कब्जे ले लिया। पुलिस चौंकी सिंबल के इंचार्ज एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि गाड़ी नंबर को नेट पर डाल कर देखा गया। पता चला गाड़ी किसी महिला के नाम पर है। एएसआई ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से चार युवकों की फटेज मिले हैं, जो गाड़ी को धक्का लगाकर बेकरी के सामने पार्क कर रहें हैं। पुलिस इस गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस गाड़ी के मालिकों का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।