कैदी ने आत्महत्या का प्रयास किया, मामला दर्ज
गुरदासपुर। केंद्रीय जेल गुरदासपुर में बंद चोरी के केस में सजा काट रहे कैदी की ओर से फंदा लगा कर आत्महत्या करने का प्रयास किया गया। मौके पर जेल वार्डन तथा सहायक सुपरिंटेंडेंट ने रोका। इस संबंध में सहायक सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर कैदी के खिलाफ आत्महत्या करने की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। डिप्टी जेल सुपरिंटेंडेंट सतनाम सिंह ने बताया कि सैमुअल मसीह पुत्र नजीर मसीह निवासी आदियां थाना दोरांगला चोरी के केस में सजा काट रहा था। उसने गत रात अपने सिर पर बांधने वाले कपड़े के साथ फंदा लगा कर आत्महत्या की कोशिश की। ड्यूटी पर तैनात सहायक सुपरिंटेंडेंट नरेश पाल तथा जेल वार्डन सुखविंदर सिंह ने उसे फंदा लगाने से पहले मौके पर रोका और उसके खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। इस संबंध में थाना सिटी प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि सहायक सुपरिंटेंडेंट नरेश पाल के बयान के आधार पर कैदी के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।