गैंगस्टर का साथ देने और वाहन लूटने वाला आरोपी काबू
पुलिस ने 30 अगस्त 2017 को लूटी गई स्विफ्ट कार को भी बरामद किया
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
गैंगस्टर का साथ देने और हथियारों के बल पर वाहन लूटने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव तेजाकलां के रहने वाले धर्मवीर सिंह के खिलाफ गैंगस्टरों का साथ देने और लूटे हुए वाहन इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में जानकारी देते हुए शुक्रवार को एसएसपी बटाला उपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपी धर्मवीर सिंह उर्फ धर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने कत्थूनंगल से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार उसके घर से बरामद की है। धर्मा ने कार पर पीबी 06सीएच 3162 नंबर लगा रखा था, जांच में यह नंबर एक बुलेट मोटरसाइकिल का पाया गया। जबकि कार असली नंबर पीबी 02सीएच 8406 है। यह कार जगदीप सिंह पुत्र बचित्र सिंह वासी चविंडा देवी थाना कत्थूनंगल की है। 30 अगस्त 2017 को जगदीप सिंह अपने गांव जा रहा था, कि रास्ते में चार अज्ञात युवकों ने रिवॉल्वर दिखा कर उससे कार लूट ली थी। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए धर्मवीर सिंह के संबंध गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ मन्नू वासी गांव राजेके महमाचक्क के साथ हैं। धर्मा गैंगस्टरों द्वारा लूट गई कारों अन्य वाहनों पर जाली नंबर लगा कर, गैंगस्टरों के इस्तेमाल के लिए तैयार करता था। कत्थूनंगल से लूटी गई कार भी उसे हरविंदर सिंह ने ही दी थी। एसएसपी ने आगे बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बरामद की गई कार भी गैगस्टर हरविंदर सिंह मन्नू ने ही दी थी।