गैर इरादतन हत्या के आरोप में तीन पर केस
गुरदासपुर। एक विवाहित युवक को नशीला पदार्थ जबरन पिलाने के बाद युवक की मौत पर धारीवाल पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला राधा शर्मा पत्नी दिलबाग शर्मा निवासी धारीवाल ने पुलिस को बताया कि जसपाल सिंह निवासी कृष्णा गली नंबर 2 धारीवाल ने उनके बेटे नीरज शर्मा को सोमवार को दोपहर 12 अपने घर बुलाया। कुछ समय बाद ही नीरज शर्मा का फोन उसके दूसरे बेटे विनोद कुमार को आया कि वह जसपाल सिंह के घर बैठा है। मोहन और मनदीप सिंह निवासी धारीवाल उसके साथ हैं। उसने बताया कि जब वह जसपाल सिंह के घर गए तो वहां पर मोहित व मनदीप सिंह उनके बेटे नीरज शर्मा को चम्मच से जबरन कोई चीज पिला रहे थे। वह नीरज को घर ले आए। रात करीब 8 बजे जब नीरज शर्मा उठा तो उनके कानों से खून और मुंह से झाग निकल रहा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। धारीवाल पुलिस ने राधा शर्मा के बयान पर जसपाल सिंह, मोहित व मनदीप सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।