होली का रंग डालने पर कांस्टेबल और युवकों के बीच हुई मारपीट
कांस्टेबल बटाला के अस्पताल में दाखिल, दूसरे पक्ष का युवक अमृतसर रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला।
होली का रंग और पानी की बौछार डालने से पंजाब पुलिस के एक सिपाही औैर कुछ लड़कों के बीच गर्मा गर्मी हो गई। गर्मा गर्मी में दोनों पक्ष आपस में भिड़ गये और दोनों में मारपीट शुरू हो हुई। इस मारपीट में जहां पंजाब पुलिस का कांस्टेबल घायल हुआ है वहीं दूसरे पक्ष का एक युवक भी गंभीर घायल हो गया जिसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बटाला से अमृतसर रेफर कर दिया गया है। एसएचओ सिटी बटाला विश्वामित्र ने बताया कि कश्मीर सिंह कांस्टेबल जो सिटी पुलिस के रिहाइशी क्वाटर में रहता है वीरवार को बाद दोपहर ड्यूटी से घर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उस पर रंग और पानी डाल दिया। कांस्टेबल ने अपनी बाइक पर उतर पर उस पर रंग डालने औैर पानी डालने पर ऐतराज जताया तो दोनों ही पक्षों में गर्मा-गर्मी हो गई और इसके बाद दोनों ही गुटों में मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया और दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हो गया। एसएचओ ने आगे बताया कि कांस्टेबल फिलहाल बटाला के सिविल अस्पताल में दाखिल है जबकि दूसरे पक्ष का घायल युवक जिसकी हालत गंभीर है, को बटाला से अमृतसर रेफर कर दिया गया। एसएचओ ने आगे बताया कि अभी उनके पास एमएलआर नही पहुंची हैं। एमएलआर (मेडिकल लीगल रिपोर्ट) के बाद दोनों पक्षों द्वारा दिए गये बयानों के आधार पर पुलिस अपनी कार्रवाई करेगी।