कर्ज से परेशान किसान ने मारी सिर में गोली, मौत
किसान पर था 20 लाख का कर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन।
तरनतारन के गांव छापड़ी साहिब में कर्ज से परेशान होकर 72 वर्षीय किसान हरदयाल सिंह ने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। किसान पर आढ़ती और बैंकों का 20 लाख का कर्ज था। किसान ने मरने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा है। जिसमें उसने कर्ज से परेशान होकर सुसाइड करने की बात कही है। पुलिस ने मृतक किसान हरदयाल सिंह के लड़के निशान सिंह की शिकायत पर आढ़ती परमबीर सिंह के खिलाफ धारा 306, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मृतक किसान हरदयाल सिंह के लड़के निशान सिंह व अन्य परिजनों ने बताया कि हरदयाल सिंह के सिर पर 20 लाख का कर्ज था। आढ़ती ने किसान की फसल तो ले रखी थी। लेकिन उसे फसल का भुगतान नहीं कर रहा था। दूसरी तरफ बैंकों के अधिकारी भी किसान को बैंक में उसका फोटो लगाकर जलील करने और गांव में उसके नाम का नोटिस चिपकाने का डरावा दे कर उसे परेशान कर रहे थे। इन सब बातों से परेशान होकर किसान हरदयाल सिंह ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने कहा कि किसान ने कर्ज से परेशान होकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। किसान ने आत्महत्या का सुसाइड नोट भी लिखा है। मृतक किसान के लड़के की शिकायत पर पुलिस ने आढ़ती के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश के लिए छापामारी आरंभ कर दी है।