सभी केंद्र
हाईवे लूट और ड्रग स्मगलिंग के 2 आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार
पूरी जानकारी देने से कतरा रही पुलिस, सीआईए स्टाफ में चल रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पुलिस ने जालंधर-पठानकोट हाईवे पर मीरथल के पास लूट की वारदात को अंजाम देने वाले 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। जबकि 3 युवक मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस युवकों को पकड़ने की बात कबूल रही है लेकिन पूरी जानकारी देने से बच रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपियों की तीन बाइक भी कब्जे में ली है। एसएसपी, डीएसपी समेत नंगल भूर और थाना डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ ने आरोपियों को पकड़ने के बाद फोन उठाना बंद कर दिया। पकड़े गए युवकों को पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ थाने में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह तड़के 4 बजे मीरथल पेट्रोल पंप के सामने चौकीदार ने 5 संदिग्ध लोगों को बातें करते देखा। चौकीदार ने दुकानदारों और निवासियों को इस बारे फोन पर बताया। लोग इकट्ठे हुए और पुलिस को सूचित किया, पुलिस ने मौके पर दबिश दी और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि 4 अन्य फरार हो गए। दोपहर तक पुलिस अन्य युवकों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर रेड करती रही लेकिन दोपहर को थाना नंगलभूर में सूचना मिली कि मीरथल के ढाबे पर कुछ संदिग्ध लोग खाना खाने बैठे हैं, पुलिस ने दबिश दी तो चारों लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने पीछा कर चक्की खड्ड के जंगल से एक युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपी अमृतसर के जिला तरनतारन के हैं। जिनमें से एक का नाम जानू बताया जा रहा है। पुलिस ने पूरा दिन आरोपियों से पूछताछ की, लेकिन बार-बार फोन करने पर भी मीडिया को जानकारी नहीं दी। पुष्ट सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपी लुटेरे हैं और ड्रग स्मगलिंग से भी जुड़े हैं। इन लोगों ने पठानकोट व आसपास के इलाकों में भी कई वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस पूछताछ कर रही है, जल्द ही खुलासा करेगी।