इटली भेजने के नाम पर 9 लाख 60 हजार की ठगी
तीन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। इटली भेजने का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना रंगड़-नंगल के एसआई तरसेम सिंह ने बताया कि गांव खानपुर थाना ब्यास के रहने वाले दसौंदा सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई कि गांव चूहेवाल के रहने वाले सुखजिंदर सिंह, गुरभेज सिंह और परमजीत सिंह आपस में भाई हैं। उन्होंने उसे इटली भेजने का झांसा देकर उससे 9 लाख 60 हजार रुपये ले लिए लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उसे इटली भेजा और न ही उसका पैसे वापस किए। एसआई तरसेम सिंह ने बताया कि दसौंदा सिंह की शिकायत की जांच इंस्पेक्टर हरिकृष्ण और डीएसपी श्री हरगेाबिंदपुर ने की थी। जांच में आरोपी पाए जाने पर उक्त तीनों भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।