15 तोले सोने के जेवर और डेढ़ लाख रुपये चोरी
गुरदासपुर। पुलिस स्टेशन धारीवाल के अंतर्गत गांव डेयरीवाल दरोगा में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर 15 तोले सोने के जेवर समेत डेढ़ लाख रुपये चोरी कर लिए।
जसबीर सिंह पुत्र परमजीत सिंह निवासी डेयरीवाल दरोगा ने पुलिस स्टेशन धारीवाल में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें उसने बताया कि रविवार को वह अपने परिवार समेत अपने भाई की पत्नी का हालचाल जानने के लिए प्राइवेट अस्पताल गया था। जब करीब शाम 6 बजे घर वापस आया तो पाया कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर के स्टोर में पड़ी दो पेटियों के ताले तोड़ कर उससे 15-16 तोले के करीब सोने के जेवरात व नकदी डेढ़ लाख रुपये चोरी कर लिए। पुलिस स्टेशन धारीवाल के इंचार्ज रिपुतपन ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।