पुलिस ने नशा लेकर जा रहे तीन लोगों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से नशीला पदार्थ बरामद कर मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार एक मामले में पुलिस चेचियां छोड़ियां मोड़ पर गश्त कर रही थी। वहां से अश्वनी कुमार निवासी चेचियां छोड़ियां एक लिफाफा लेकर जा रहा था। संदेह के आधार पर उसे रोक पूछताछ की गई तो उसके पकड़े लिफाफे से पुलिस ने 103 नशीले कैप्सूल बरामद किए। पुलिस ने इस संबंध में उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं दूसरे मामले में एएसआई हरमिंदर सिंह नारकोटिक्स सेल गुरदासपुर पुलिस पार्टी के साथ गुरुनानक पार्क के पास टी प्वाइंट पर गश्त कर रहे थे। इतने में एक कार पर संदेह होने पर उसे रोका जिसमें रमेश कुमार निवासी बहरामपुर, प्रिया निवासी इंद्रा कालोनी कांगड़ा सवार थे। गाड़ी की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।