खाली घर एलसीडी और अन्य सामान चोरी
गुरदासपुर। मोहल्ला इस्लामाबाद से सटे श्मशानघाट के पास स्थित एक घर से चोर एक एलसीडी व कुछ सामान लेकर फरार हो गए। सूचना पर थाना सिटी से एएसआई धर्मजीत मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लेने के बाद फिंगर प्रिंट लिए। घर के मालिक अपने बेटे से मिलने बंगलूरू गए हुए थे। चोरी की जानकारी सुबह घर में सफाई करने आई महिला ने दी। परनीत कुमार के भाई अनुराग सहगल ने बताया कि उनके भाई परनीत कुमार 12 जून से अपने बेटे के पास पत्नी पूनम सहित बंगलूरू गए हैं। सोमवार को घर में सफाई करने के लिए महिला आई तो बाहर वाले कमरे की खिड़की टूटी थी और अलमारी से सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना उसने तुरंत परनीत को दी और उनकी ओर से अपने भाई अनुराग को सूचित किया गया। चोरी का सही पता उनके भाई के आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल एलसीडी और कुछ सामान गायब है। जांच अधिकारी धर्मजीत सिंह ने बताया कि जिस कमरे की खिड़की तोड़ी गई है, उसकी जांच की गई है और फिंगर प्रिंट भी लिए गए है।