इंग्लैंड भेजने ने नाम पर पांच लाख ठगे
पुलिस ने तीन लोगों पर दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। इंग्लैंड भेजने के नाम पर पांच लाख की ठगी करने के आरोप में तीन ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस थाना सिविल लाइन बटाला के एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि बटाला के गांव उमरपुरा के रहने वाले हरभजन सिंह पुत्र रतन ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि करनैल सिंह, हरप्रीत सिंह और मलकीत सिंह सभी निवासी शतीशगढ़ ने उसको इंग्लैंड भेजने के लिए 5 लाख रुपये लिए थे। उसने यह पैसे बटाला के बस स्टैंड के पास करनैल सिंह को दिए। उक्त लोगों ने उससे पैसे भी ले लिए और इंग्लैंड भी नही भेजा। कई बार आरोपियों को कहा कि अगर उन्होंने उसे इंग्लैंड नहीं भेजना तो उसके पांच लाख वापस कर दें लेकिन आरोपी न तो उसके पैसे वापस कर रहे हैं और न ही उन्होंने उसको इंग्लैंड भेजा है। ऐसा करके उक्त आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। एएसआई हरदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता हरभजन सिंह के आरोपों की पड़ताल एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल बटाला और एसपी इंवेस्टीगेशन बटाला ने की तो आरोप ठीक पाए गए। एसएसपी बटाला के आदेश पर उक्त तीनों ट्रेेवल एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।