नाबालिग को भगाने वाले युवक पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। थाना नरोट जैमल सिंह के अधीन पड़ते सरकारी स्कूल की नाबालिग छात्रा को भगाने के आरोप में पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी व्यक्ति पर मामला दर्ज किया है। नाबालिग के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी सरकारी स्कूल में पढ़ती है। 23 नवंबर की दोपहर वह घर से अपने आधार कार्ड पर गलती ठीक करवाने गई लेकिन वापस नहीं आई। 3-4 दिन रिश्तेदारों और बेटी की सहेलियों के यहां ढूंढने के बाद भी बेटी का कुछ पता नहीं चला। पिता ने बताया कि चचेरी बहन ने बताया कि उनकी बेटी का उत्तर प्रदेश निवासी भोला से मेल-मिलाप था। चचेरी बहन ने ही दोनों को आपस में मिलवाया था। उसने बताया कि कि भोला ही उसे बहला फुसलाकर ले गया है। एएसआई मनोहर लाल ने बताया कि इंद्रनगर, सूरत नगर, जिला खेरी, उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी भोला सिंह पर केस दर्ज कर लिया गया है।