चोरी की एलसीडी खेतों से मिली, पुलिस ने जब्त कर जांच शुरू की
गुरदासपुर। पुलिस स्टेशन दोरांगला के तहत गांव हरदोछनी में स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल से चोरी हुए 12 कंप्यूटर की एलसीडी गांव अल्लड़पिंडी के खेतों में मिली है। जानकारी के अनुसार गांव अल्लड़पिंडी निवासी एक किसान रविंद्र सिंह जब अपने गन्ने के खेत में कार्य के लिए गया तो उसने देखा कि वहां पर कुछ कंप्यूटर एलसीडी पड़ी थी। उसे समझते देर न लगी कि यह चोरों का कार्य है। उसने तुरंत दोरांगला पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एलसीडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन दोरांगला के इंचार्ज अशोक कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि एलसीडी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों को भी पकड़ लिया जाएगा।