छापामारी कर लिंग परीक्षण करते चार दबोचे, दो फरार
चंडीगढ़ से आई सेहत विभाग की टीम ने किया पर्दाफाश, स्कैनिंग मशीन और रजिस्टर किया सील
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, एक घंटे तक चली कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। चंडीगढ़ से सेहत विभाग की एक विशेष टीम ने मंगलवार रात करीब दस बजे बटाला के डेरा बाबा नानक रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में छापामारी कर लिंग परीक्षण करने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। टीम की कार्रवाई लगभग एक घंटा चली। सूचना मिलने पर बटाला सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार लिया। संबंधित दो डॉक्टर फरार हैं। थाना सिविल लाइन बटाला में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं छापामारी करने वाली टीम ने अस्पताल में रखी एक स्कैनिंग मशीन और एक रजिस्टर को भी सील कर दिया है।
स्पीड नेटवर्क के डायरेक्टर रमेश दत्त ने बताया कि इस अस्पताल में चल रहे गोरखधंधे का पर्दाफाश करने के लिए वह 15 दिनों से अस्पताल पर नजर बनाए हुए थे। उनको सूचना मिली थी कि इस अस्पताल में मोटी रकम लेकर एक दिन में करीब 10 लिंग परीक्षण किए जाते हैं। सूचना के आधार पर उनकी टीम जिसमें सेहत विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मुकेश सौंधी, डॉ. राकेश भास्कर शामिल हैं ने अपनी तरफ से भेजी गई एक महिला को 30 हजार रुपये देकर भेजा। 30 हजार का सौदा सबसे पहले एक महिला दलाल से हुआ था और वहीं महिला दलाल उनके द्वारा भेजी गई महिला को लेकर अस्पताल पहुंची। उक्त महिला की स्कैनिंग करने के बाद उसको भ्रूण लड़का बताया गया और बाद में भेजी गई महिला के संकेत पर उन्होंने रंगे हाथों पुलिस की मदद से चार लोगों को पकड़ लिया। मौके पर ही तीन दलाल और एक लैब अटेंडेंट को दबोच लिया गया।
रमेश दत्त ने बताया कि जब रेड की गई तो अस्पताल में मौजूद डॉक्टर चुपके से किसी अन्य दरवाजे से बाहर निकल गया। मौके पर दिए गए पैसे भी बरामद कर लिए गए हैं। डायरेक्टर रमेश दत्त ने बताया इस रैकेट में सभी का कुछ न कुछ हिस्सा होता है और इस अवैध काम को करवाने के लिए आसपास की दाईयों दलाल के रूप में काम करती हैं। उन्होंने बताया कि टीम ने स्कैनिंग मशीन और संबंधित रजिस्टर को सील कर दिया है। वहीं थाना सिविल लाइन बटाला को एसएमओ बटाला को शिकायत दे दी गई है। थाना सिविल लाइन बटाला के एएसआई सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने लैब टेक्नीशियन सागर, दलाल परमजीत कौर, रानी मारिया, जगतार सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें से तीन दलालों और लैब टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में नामजद दोनों डॉक्टर फरार हैं। बटाला के निजी अस्पताल पर सेहत विभाग की पैनी नजर
बटाला में सेहत विभाग की टीम की यह दूसरी रेड है। इससे पहले 12 नवंबर 2018 को डेरा बाबा नानक रोड पर स्थित एक अन्य निजी अस्पताल में रेड की गई थी जहां लिंग परीक्षण किया जा रहा है। टीम ने उस समय भी एक स्कैनिंग मशीन को सील किया था और अस्पताल कर्मी व दलालों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उक्त दोनों अस्पतालों में हुई रेड से यह बात साफ हो गई है कि बटाला में यह धंधा जोरों पर चल रहा है। आने वाले समय में भी उन अस्पतालों पर सेहत विभाग की पैनी नजर होगी जहां अवैध काम चलता है।
फोटो- 28जीडीआरबीटीएलपी01
कैप्शन- बटाला के एक निजी अस्पताल में छापेमारी के दौरान सील की जा रही स्कैनिंग मशीन और जांच कर रहे सेहत विभाग के अधिकारी।