बाइक चोर के घर छापामारी, दो मोटर साइकिल बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर। काहनूवान पुलिस ने एक चोर के घर छापामारी करके वहां से एक बुलेट बिना नंबर व एक स्पलेंडर बिना नंबर बरामद की है।
एसआई सुखजीत सिंह ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ गश्त के दौरान दाना मंडी लाधूपुर के पास उपस्थित थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचित किया। उसने बताया कि चोरी के मोटर साइकिल बेचने वाले बलराज सिंह उर्फ बंटी निवासी चक्क यकूब और संदीप सिंह उर्फ सीपा निवासी खोजकीपुर पुलिस स्टेशन श्रीहरगोबिंदपुर बटाला और उनके साथ दो अज्ञात बाइक चोरी करके बेचते हैं। इस समय बलराज सिंह के घर चोरी के मोटर साइकिल भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि जब पुलिस पार्टी ने बलराज सिंह के घर छापामारी की तो वह पुलिस पार्टी को देखकर फरार हो गया। पुलिस ने वहां से एक बुलेट व एक स्पलेंडर मोटर साइकिल बिना नंबर बरामद की। इनकी बाजार में कीमत एक लाख 45 हजार रुपये बनती है। पुलिस ने आरोपी बलराज सिंह, संदीप सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।