26 लाख की लूट में एक गिरफ्तार
आईडीबीआई बैंक की जैतोसरजा ब्रांच में चार नकाबपोशों ने की थी वारदात
आरोपी को कोर्ट में पेशकर आगे की पूछताछ के लिए मांगेंगे रिमांड: एसएचओ
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पुलिस आईडीबीआई बैंक की जैतोसरजा ब्रांच में बीती 24 अगस्त को हुई 26 लाख रुपये की लूट को सुलझाने के करीब पहुंच गई है। थाना रंगडनंगल की पुलिस ने एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर गिरफ्तार करके मामले नामजद किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेशकर एक रिमांड हासिल किया है। पुलिस का दावा है रिमांड पर आरोपी के पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
थाना रंगडनंगल के एसएचओ सबइंस्पेक्टर हरजीत सिंह ने बताया बीती 24 अगस्त को आईडीबीआई बैंक की जैतोसर्जा ब्रांच में हुई लूट का केस दर्ज करके पुलिस मामले की जांच रही थी। लूट में शामिल संदिग्ध के तौर पर सुखपाल शर्मा वासी गांव गग्गोमाहल की पहचान हुई। सुखपाल के बारे सूचना मिलने पर उसे गांव बासरपुरा के निकट से वीरवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि नकाबपोश लुटेरों ने 24 अगस्त को आईडीबीआई की जैतोसरजा ब्रांच में दाखिल होकर पिस्तौल के बल पर 26 लाख रुपये लूट लिए थे। लुटेरे जैसे ही बैंक से बाहर निकले, तो सामने से आई पुलिस ने उन्हें घेरना चाहा। लुटेरे फरार होने में सफल हो गए थे। लुटेरों ने दो सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए थे। एसएचओ ने बताया सुखपाल शर्मा को नामजद कर कोर्ट में पेश किया गया। आगे की पूछताछ के लिए पुलिस ने अदालत से रिमांड मांगा। कोर्ट से एक दिन का रिमांड मिला है। उन्होंने कहा आरोपी से पूछताछ में सारे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।