जीटी रोड खंडवाला में संधू डेयरी के सामने दिया वारदात को अंजाम, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। छेहरटा थाना के तहत खंडवाला स्थित क्षेत्र में संधू डेयरी के सामने बाइक सवार दो युवकों ने गोलियां चलाकर दंपती को जख्मी कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। जमीन के विवाद में किए गए हमले में जख्मी दंपती को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। छेहरटा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने बताया कि मौका-ए-वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
छेहरटा निवासी पीड़ित प्रदीप ने बताया कि उनका चाचा के लड़के राहुल के साथ जमीन का विवाद है, जो अदालत में विचाराधीन है। उसने बताया कि संपत्ति को लेकर उनका कई बार विवाद भी हो चुका है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उसका भाई संदीप कुमार अपनी पत्नी किरण को ड्यूटी पर छोड़ने जा रहा था।
इस दौरान उसके चचेरे भाई राहुल ने अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार खंडवाला स्थित संधू डेयरी के सामने उन पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। गोलियों के छर्रे उसके भाई संदीप और भाभी किरण के सिर पर में लगे। गंभीर हालत में दोनों को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वारदात की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे शुरू कर दिए हैं।