संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि प्रदेश की सुुुुरक्षा व्यवस्था दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। राज्य कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रही है। आए दिन पुलिस थानों और पुलिस चौकियों पर आतंकी एंव गैंगस्टर ग्रेनेड हमले कर रहे हैं और पुलिस अधिकारी इसे कभी टायर फटना या फिर कार का रेडिएटर फटना बता रहे हैं। यह घटनाएं राज्य की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। अदालत में पेशी भुगतने के बाद मजीठिया ने कहा कि इतनी सर्दी में रेडिएटर कैसे फट सकते हैं, इस बात को आम व्यक्ति भी जानता है। मजीठिया शुक्रवार मान हानि के मामले में सुनवाई पर पहुंचे थे। मजीठिया ने वर्ष 2017 में हुए विधान सभा चुनाव के बाद दिल्ली के सीएम रहे अरविंद केजरीवाल, आप नेता संजय सिंह और आशीष खेतान के खिलाफ मानहानि के आरोप में केस दायर किया था। तीनों नेताओं ने अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर प्रदेश में नशा बिकवाने के आरोप लगाए थे। इस केस में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और आप नेता संजय सिंह माफी मांग चुके हैं, लेकिन आरोपी आशीष खेतान कोर्ट में पेश नहीं हो सके। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अगली सुनवाई तीन फरवरी तय की है।