संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब फूड सप्लाई विभाग में दो बहनों को इंस्पेक्टर भर्ती करवाने का झांसा देकर साढ़े नौ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। एक दिसंबर 2022 को मिली शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने जांच के बाद दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित बाबा दीप सिंह काॅलोनी निवासी सविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि जीटी रोड स्थित तारांवाला पुल के पाक दीप एनक्लेव निवासी जोबनजीत सिंह और रंजीत एवेन्यू डी-ब्लाॅक में किराए पर रहने वाले मनजीत सिंह खैहरा ने उनके साथ साढ़े नौ लाख रुपये की ठगी की है। खैहरा मूल रूप से पैरिस टाउन की गली नंबर छह का रहने वाला है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उक्त आरोपियों ने कहा कि सरकार में उनकी अच्छी जान-पहचान है। वे उनकी दो बेटियों को पंजाब फूड सप्लाई विभाग में इंस्पेक्टर भर्ती करवा सकते हैं। मगर इसके लिए दस लाख की व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने किसी न किसी तरह से 9 लाख 50 हजार रुपये का प्रबंध कर आरोपियों को दे दिए।
पैसे लेने के बाद आरोपी पहले तो उनसे टालमटोल करते रहे और फिर उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया। जांच अधिकारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।