लुधियाना। पंजाब विश्वविद्यालय को लेकर जारी विवाद पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने साफ कहा है कि चंडीगढ़ पंजाबियों की जान से भी ज्यादा प्यारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे पंजाब की हो या केंद्र की, पार्टी का हर नेता पंजाब और चंडीगढ़ के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी सूरत में पंजाब की जमीन या अधिकारों से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। बिट्टू ने कहा कि अनुच्छेद 240 को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न संसद में कहीं एलजी लगाने की चर्चा हुई न किसी तरह के फेरबदल की। उन्होंने कहा कि राज्य भाजपा ने इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए केंद्र को अपनी बात रखी और जब तक भाजपा नेतृत्व बैठा है। पंजाब के साथ कोई धक्का नहीं होने दिया जाएगा। बिट्टू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य को सबसे ज्यादा जख्म कांग्रेस ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में पंजाब के हित सर्वोपरि हैं। पंजाबियों के बिना कोई फैसला इधर-उधर नहीं होगा, उन्होंने भरोसा दिलाया। बिट्टू ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पंजाब में तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। पहले भी पंजाब को तबाह किया, अब हम ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब विश्वविद्यालय के चुनावों का कैलेंडर जल्द ही जारी होगा और स्थिति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।