बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा स्थित बीओपी रतन खुर्द के पास सोमवार को रात करीब सवा दो बजे एक भारतीय नागरिक को काबू किया है। जानकारी के मुताबिक 144 बटालियन के जवान सोमवार को रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान रात करीब सवा दो बजे जवानों ने बीओपी रतन खुर्द के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में घूमते देखा तो उसे काबू कर लिया। बीएसएफ के जवानों ने इसे पिल्लर नंबर 100/4 के पास पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सिद्धार्थ नगर के गांव परसोइया के रहने वाले बुधराम साहनी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है और इसके कब्जे से कोई संदिग्ध या एतराज योग्य चीज बरामद नहीं हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बीएसएफ के अधिकारियों को बताया कि वह वहीं आसपास डेरे पर काम करता है और गलती से इधर पहुंच गया था। बीएसएफ के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद आरोपी को घरिंडा थाना की पुलिस के हवाले कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही थी।