बटाला। गांव सैलोवाल की छोटी नहर के पास रविवार को महिला की हत्या के दोनों आरोपियों को सोमवार को बटाला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया है। रविवार को जतिंदर कौर निवासी गांव नवांपिंड अटलगढ़ अपनी मां हरजिंदर कौर (50) निवासी धीरोवाली को मोपेड पर बैठाकर दवा लेकर ऊधनवाल से लौट रही थी। जब वह गांव सैलोवाल के छोटी नहर के पास पहुंची तो बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने हरजिंदर कौर का पर्स छीनने की कोशिश की। महिला ने लुटेरों का विरोध किया तो युवकों ने हरजिंदर कौर पर दातर से हमला कर दिया। जब बेटी जतिंदर कौर ने मां को बचाने की कोशिश की तो उसपर भी हमला किया गया। जतिंदर कौर के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने दोनों लुटेरों को काबू कर पुलिस को सौंप दिया। जतिंदर कौर जब मां हरजिंदर कौर को बटाला सिविल अस्पताल लेकर आ रही थी तो रास्ते में उनकी मौत हो गई। थाना घुमान के एसएचओ एसआई सुरिंदर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी बलविंदर सिंह और गुरविंदर सिंह निवासी गांव सैलोवाल से बारीकी से पूछताछ की जाएगी।