पंजाब विधानसभा चुनावों में अमृतसर की हॉट सीट विधानसभा हलका पूर्वी के भाजपा के उम्मीदवार जगमोहन सिंह राजू ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रचार कर रहीं उनकी पत्नी व बच्चों पर मजीठिया के गुंडातत्वों ने धमकाकर उन्हें प्रचार से रोका और हमले का प्रयास किया। उन्होंने इस मामले में अपने परिवार के साथ हाल गेट पर धरना देकर चुनाव कमीशन से कार्रवाई की मांग की है। भाजपा उम्मीदवार राजू ने राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक के साथ धरना देकर पूर्वी हलके में शिअद उम्मीदवार बिक्रम मजीठिया के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
जगमोहन राजू ने कहा कि पहले तो उनके वर्करों को धमकी भरे फोन आ रहे थे, लेकिन शनिवार को मजीठिया के गुंडों ने उस समय सभी हदें पार कर दीं, जब सुबह करीब सवा 11 बजे एयरपोर्ट रोड पर उनकी पत्नी अनु की गाड़ी को रोक लिया गया। कार सवार गुंडों ने उनकी पत्नी पर हमले का प्रयास करते हुए धमकी दी और वापस लौटने को कहा।
इससे पहले उनके वर्करों को फोन करके चुनाव प्रचार करने पर टांगे तोड़ देने की धमकियां दीं गईं। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर, चुनाव कमिश्नर, चुनाव ऑब्जर्वर से की है। उन्होंने बताया कि जब तक गुंडागर्दी को जड़ से खत्म नहीं कर देते, तब तक हलका नहीं छोड़ेंगे।
दुपट्टे को खींचा और गले को पकड़ने का प्रयास किया : अनु
भाजपा उम्मीदवार राजू की पत्नी अनु ने बताया कि वह शनिवार को सुबह करीब 11.15 बजे कुछ समर्थकों के साथ एयरपोर्ट रोड पर आ रही थीं। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में चार गुंडातत्वों ने आकर उनकी कार रोक ली। गुंडों ने कार के शीशे के अंदर हाथ डाल कर उनके दुपट्टे को खींचा और गले को पकड़ने का प्रयास किया।
तब वे हलके के चुनाव ऑब्जर्वर के साथ बात कर रही थीं। उन्होंने इसकी जानकारी ऑब्जर्वर को भी दी। इसके साथ ही कार के चालक को जल्द कार वहां से भगाकर ले जाने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके बाद दोपहर के समय उनकी बेटी और बहू मोहकमपुरा इलाके में चुनाव कर रही थी और हलके में स्टिकर लगा रहे थे, कि 3-4 गुंडातत्व उनके पीछे घूमने लगे और भद्दी बाते बोल रहे थे।