तीन हजार नकदी, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज थे
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। मोहकमपुरा थाना अंतर्गत माल मंडी के पास बाइक सवार दो युवक सरकारी स्कूल की अध्यापिका से पर्स छीनकर फरार हो गए। अध्यापिका के पर्स में तीन हजार रुपये, मोबाइल, पैन कार्ड और आधार कार्ड था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआई जगजीत सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आस-पास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज लेकर मामले की जांच की जा रही है।
संगीता शर्मा ने मोहकमपुरा पुलिस को बताया कि वह जंडियाला स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्यापिका है। शुक्रवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद वह ऑटो से घर लौट रही थी। माल मंडी के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसके हाथों में पर्स झपट लिया और फरार हो गए। पर्स में तीन हजार रुपये नगदी, मोबाइल, आधार कार्ड और पैन कार्ड रखा हुआ था।
पर्स छीनकर भाग रहा नाबालिग काबू
वहीं मजीठा रोड इलाके में महिला से पर्स छीनकर भाग रहे एक नाबालिग को पुलिस ने काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नीलम रोली ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे को डाक्टर से दवा दिलाने के बाद घर लौट रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ में पकड़ा पर्स छीन लिया। उनके पर्स में सात हजार रुपये थे। पर्स छीनकर भाग रहे युवकों की बाइक सामने आ रहे एक अन्य युवक की बाइक से टकरा गई। बाइक सवार जख्मी हो गया। इस दौरान लोगों ने एक आरोपित को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरा साथी फरार है।