अमृतसर के सिविल अस्पताल में जासूसी के आरोप में पकड़े एजेंटों को मेडिकल के लिए लेकर जाते पुलिसकर्?
- फोटो : AMRITSAR
अमृतसर। स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (एसएसओसी) की नजरें अब कोलकाता में रहने वाले जाफर रियाज की बहन पर टिक गई हैं। पुलिस रियाज के मोबाइल फोन से उसकी बहन को बार-बार की गई काल को देखते हुए उसके इस मामले में संबंधों का पता लगाने के प्रयास में जुट गई है। पुलिस एक तरफ पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले कोलकाता के जाफर रियाज, बिहार के मोहम्मद शमशाद के बैंक खाते खंगाल रही है। तो दूसरी तरफ इनके मोबाइल फोन कॉल्स की डिटेल्स खंगाल कर पता लगा रही है कि पिछले समय के दौरान इन लोगों को किन-किन लोगों ने फोन किए या किन लोगों के इन्हें फोन आए। रियाज के फोन से पता चला कि उसने अपने मोबाइल फोन से कई बार अपनी बहन को फोन किया। जिसके बाद एसएसओसी के अधिकारी उसकी बहन का पता लगाने में जुट गए हैं। इसे लेकर एसएसओसी अधिकारियों ने कोलकाता पुलिस को सूचना दी, ताकि वहां से रियाज की बहन से संबंधित आंकड़े जुटाए जा सकें। वहीं इससे पहले रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अब तक उनके रियाज या शमशाद के साथ इस तरह के संबंध सामने नहीं आए।