अमृतसर। सेना में तैनात एक इंजीनियर ने बेटे की चाह में अपनी सात माह की बेटी को जहरीला पदार्थ दे दिया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बच्ची की मां जगरूप कौर की शिकायत पर रमदास पुलिस ने माकोवाल गांव निवासी बच्ची के पिता कुलदीप सिंह, दादी राजविंदर कौर, दादा बलविंदर सिंह तथा चाचा गुरदीप सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।बताया कि शादी के बाद पति और उसके ससुराल वालों का उसके प्रति व्यवहार ठीक नहीं था। आरोपी अकसर उससे बेटे की मांग करते। करीब चार साल पहले उसने बेटी मनराज कौर को जन्म दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ बुरा व्यवहार करना शुरू कर दिया।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि बेटा नहीं पैदा करने को लेकर उसे ससुराली भरा-बुरा कहने लगे। सात माह पहले उसने फिर एक बेटी सहजप्रीत कौर को जन्म दिया। इसके बाद तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया कि वह दोनों बेटियों समेत उसे घर से बाहर निकाल देंगे। इस संबंधी उसके मायके वालों को पता चलने पर उन्होंने उसके पति और उसके पारिवारिक सदस्यों को समझाने का प्रयास किया, मगर वे लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आए। उसने आरोप लगाए कि शुक्रवार को आरोपियों ने मिलकर उसकी छोटी बेटी सहजप्रीत कौर को जहरीला पदार्थ दे दिया। बेटी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां डाॅक्टरों ने बताया कि बच्ची को जहरीला पदार्थ दिया गया है।