संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। घरेलू विवाद के चलते बच्चों के डॉक्टर डॉ. हरि सिंह की पत्नी ने अपनी बहू समेत तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान डॉ. सुखविंदर सिंह मांगट, डॉ. परमवीर सिंह मांगट और डॉ. नवसंगीत कौर, निवासी कटानी कलां (लुधियाना) के रूप में हुई है। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह के अनुसार 72 वर्षीय पीड़िता डॉ. सतवंत कौर निवासी हरि सिंह रोड ने शिकायत दी थी कि उनके बेटे प्रभजोत सिंह की शादी वर्ष 2013 में नवसंगीत कौर के साथ हुई थी। आरोप है कि 3 अगस्त 2025 को बहू के पिता, भाई और अन्य रिश्तेदार उनके घर आए और गाली-गलौच करने लगे और प्रभजोत सिंह के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। रोकने पर उन्होंने पीड़िता को भी जान से मारने की धमकियां दीं। साथ ही दहेज व मारपीट के झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने जांच उपरांत तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।