अध्यापकों को बिना शर्त रेगुलर करे सरकार : रमसा
कहा-बेसिक सैलरी पर रेगुलर होना मंजूर नहीं, पुतला जलाकर जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पंजाब सरकार की ओर से केबिनेट मीटिंग के दौरान शिक्षा विभाग में कार्यरत 8886 अध्यापकों को बेसिक पे-स्केल पर रेगुलर करने के प्रस्ताव से नाराज सर्व शिक्षा विभाग रमसा अध्यापक यूनियन ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का पुतला जलाकर रोष प्रकट किया। जिला प्रधान राजन गुप्ता के नेतृत्व में यूनियन ने डीसी दफ्तर के सामने पहले शवयात्रा निकाली और पुतला फूंक पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसमें गवर्नमेंट टीचर यूनियन के प्रधान सतपाल वर्मा, कम्प्यूटर टीचर यूनियन के प्रधान अमनदीप सिंह, रमसा हेडमास्टर यूनियन के मुनीष कुमार भी शामिल हुए। राजन ने बताया कि वेतन में 75 फीसदी कटौती कर सरकार अध्यापकों को रेगुलर कर रही है जोकि गलत फैसला है। राजन ने कहा कि इतने कम वेतन में परिवार पालना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि 2017 में इलेक्शन के दौरान कैप्टन अमरिंदर ने चुनावी घोषणा में अध्यापकों को बिना शर्त रेगुलर करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब कांग्रेस को सत्ता में आए डेढ़ साल से अधिक समय बीत गया पर अध्यापकों की सुनवाई नहीं हुई, सरकार अध्यापकों के साथ वादा खिलाफी कर अपनी ही घोषणा के खिलाफ फैसले सुना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस फैसले पर पुनर्विचार करे। प्रदर्शन में मोहनिश सिंह, राजेश, विनोद, रमेश, रविंद्र, राकेश, सुखविंद्र,विजय, पवन, बलकार, सोहन लाल, पवन कुमार, प्रिंसपाल, विजय, वरिन्द्र, सुशील, ईश्वर, रवि, सुदेश, मधु, निधि, पूनम, अनू, प्रियंका, बिमल व अन्य अध्यापक उपस्थित थे।