करतारपुर कॉरिडोर के लिए सड़क पर मिट्टी डालने का काम शुरू
विधिवत नारियल फोड़कर की गई शुरुआत
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। भारत-पाक सीमा पर बनने जा रहे करतारपुर कॉरिडोर के लिए सड़क पर मिट्टी डालने का काम कंस्ट्रक्शन कंपनी सीगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने वीरवार को शुरू कर दिया। कंपनी के उप प्रेसिडेंट जतिंदर ने भूमि पूजन के बाद नारियल फोड़कर काम की शुरुआत की। इसके बाद मौजूद सभी लोगों को प्रसाद बांटा गया। इस दौरान जतिंदर सिंह ने कहा कि वह किसानों का धन्यवाद करते हैं कि किसानों ने अपनी कच्ची फसलों पर उन्हें जेसीबी चलाने और काम शुरू करने की अनुमति दी। हालांकि सरकार कच्ची फसलों का मुआवजा किसानों को दे रही है। फिर भी पकने को आई फसल उजाड़ देना भी किसानों के लिए हिम्मत का काम है। जतिंदर सिंह ने बताया कि वीरवार को मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया गया है। 2 महीने के भीतर मानसून से पहले मिट्टी डालने का काम पूरा हो जाएगा। संभव है कि सितंबर से पहले ही रोड बनकर तैयार हो जाएगा। भारत-पाक सीमा की फेंसिंग के ऊपर से जीरो लाइन तक जो ब्रिज बनेगा, उसका काम शुक्रवार से शुरू कर दिया जाएगा। करतापुर कॉरिडोर रोड फोर लाइन होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इंटिग्रेटेड चेक पोस्ट के काम के लिए 9 अप्रैल को लैंडपुट ऑफ अथॉरिटी की ओर से टेंडर लगाया जाएगा और 15 अप्रैल से पहले इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस अवसर पर नरेंद्र सैणी प्रोजेक्ट मैनेजर, अजीत पाल सिंह तालमेल अफसर, कनवर कोहली तालमेल हेड, अमर सिंह रंधावा इंजीनियर मौजूद थे।
फोटो- 04जीडीआरबीटीएलपी02
कैप्शन- डेरा बाबा नानक की भारत-पाक सीमा पर कंस्ट्रक्शन टीम के अधिकारी पूजा के बाद नारियल फोड़कर मिट्टी डालने का काम की शुरुआत करते हुए।