हादसे के बाद 1 घंटा लेट हुई ट्रेन, आधे घंटे बाद निकाला शव
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसला पैर, कपड़ा कारोबारी की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन से उधमपुर को जाने वाली डीएमयू की चपेट में आने से शहर के कपड़ा कारोबारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन कुमार (58) निवासी न्यू शास्त्री नगर पठानकोट के रूप में हुई। मृतक का बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया जाएगा। जीआरपी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर विमल कुमार ने बताया कि दोपहर 2:40 बजे जाने वाली ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 से चली थी। ट्रेन की स्पीड कम आंककर मृतक ट्रेन पकड़ने के लिए जैसे ही ट्रेन में चढ़ने लगा तो उसका पांव फिसल गया। मृतक चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने हादसे के बाद शोर मचाया तो गार्ड ने ट्रेन को रुकवाया। मृतक पवन कुमार का एक पांव पहिए में फंस चुका था, जिसे निकालने में आधे घंटा से भी अधिक का समय लगा, जिस कारण ट्रेन तकरीबन एक घंटा लेट हो गई। सब इंस्पेक्टर विमल कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया। विमल ने बताया कि 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की गई।